Location: Meral
मेराल। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मेराल पुलिस द्वारा बुधवार को छात्र-छात्राओं के बीच नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाना हाई स्कूल में विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस संबंध में एसआई रब्बुल अंसारी एवं एएसआई हरिशंकर ओझा ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा तथा डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी कुप्रथाओं से बचने के प्रति जागरूक किया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा कानून के प्रति सजग रहने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशे की लत से सड़क दुर्घटनाएं, पारिवारिक विवाद तथा कई अन्य सामाजिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसलिए समाज और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए नशामुक्त जीवन अपनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने जागरूकता संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।










