Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): गढ़वा-मझियायों मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह दलेली गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांडी थाना क्षेत्र के चोका गांव निवासी 30 वर्षीय सुखाड़ी कुमार मेहता की मौके पर मौत हो गई, जबकि बलियारी पंचायत के बरवाडीह गांव निवासी 45 वर्षीय अजय मेहता गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से नारायणपुर में रहने वाली सुखाड़ी की बहन से मिलने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दलेली गांव के पास पुराने पेड़ से अचानक मोटी टहनी टूटकर उनकी बाइक पर गिर गई, जिससे बाइक असंतुलित होकर फिसल गई और पेड़ व पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुखाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल अजय को डाल्टेनगंज में डॉक्टर राहुल अग्रवाल के पास भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने सुखाड़ी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक सुखाड़ी कुमार अपने पीछे पत्नी रजनी देवी (22 वर्ष) समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया। उसका अंतिम संस्कार बरवाडीह स्थित सोन नदी के किनारे हिंदू रीति-रिवाज से किया गया। घटना के बाद चोका गांव में मातम पसरा है। पंचायत के मुखिया व मुखिया संघ अध्यक्ष अमित कुमार दुबे ने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।












यह दुखद खबर सुन कर अत्यंत दुःख हुआ 😭
सबसे पहले आप पत्रकारों से निवेदन है की कृपया मंझियाओं से गढ़वा जाने वाला सड़क के किनारे “जितना भी सुखा हुआ लटका हुआ खतरनाक पेड़ पौधा है” उसको कटवाने के लिए आप सभी पत्रकार एक आवाज उठाइए और थाना या जिला में फॉरेस्ट अधिकारी से बात कर के उसको कटवाने का काम कराइए ताकि आगे से ऐसी घटना कभी न हो
और सुखाड़ी भाई के जैसा कोई और ऐसी घटना के चपेट में न आए।
यह मैसेज का उद्देश किसी के भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है बस मेरा खुद का विचार है।
(धन्यवाद)