Location: Meral
मेराल। बकरीद पर्व को लेकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को मेराल थाना क्षेत्र के दुलदुलवा, पेसका और चामा गांव में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च सीओ जसवंत नायक के नेतृत्व में, इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, बीडीओ सतीश भगत और थाना प्रभारी विष्णु कांत की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत पेसका ऑफिस चौक से हुई, जो पेसका बाजार, दुलदुलवा के बरवाही टोला और चामा गांव होते हुए चामा मेन रोड बस्ती में समाप्त हुआ।
मार्च के दौरान तीनों गांवों के सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों से संवाद कर उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने की अपील की गई। सीओ जसवंत नायक ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई विवाद या माहौल बिगड़ने जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद ने कहा कि बकरीद पर क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को शांति और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है।
इस मौके पर एसआई दिनेश मुंडा, अरविंद साहू, प्रेम प्रकाश पांडे, हरिशंकर ओझा, जलेंद्र पासवान, सुमेर तिवारी, प्रेमचंद तिवारी, तिलेश्वर गंझू, संजय सिंह, ललिता कुमारी सहित सभी पुलिस पदाधिकारी एवं बल के जवान शामिल रहे।











