Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गढ़वा के तत्वावधान में शनिवार को धमनी पुल स्थित वृद्धा आश्रम में विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य में मदर टेरेसा क्लीनिक के शुभारंभ के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार स्वयं वृद्धा आश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना।
न्यायाधीश मनोज कुमार ने आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को फूड बास्केट और गर्म कपड़े वितरित किए। उनकी इस पहल से बुजुर्गों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। आश्रम परिसर पहुंचने पर बुजुर्गों ने उनका आत्मीय स्वागत किया, जिससे वातावरण भावपूर्ण हो उठा।
न्यायाधीश मनोज कुमार ने कहा कि राज्य में मदर टेरेसा क्लीनिक की शुरुआत असहाय एवं वृद्धजनों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी वृद्ध को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इस अवसर पर न्यायाधीश ने वृद्धा आश्रम की व्यवस्था, स्टोर, किचन सहित अन्य कमरों का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी ली। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आश्रम में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सक गोखुल प्रसाद ने सभी बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव निभा रंजन, व्यवहार न्यायालय के रजिस्ट्रार आलोक राज, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरेज कुमार, नगर परिषद के प्रशासक राजबकमल, बीडीओ सहित कई अधिकारी और विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य उपस्थित रहे।











