Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा)। बस स्टैंड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में रविवार रात जय भामाशाह क्लब की बैठक ओमप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वप्रथम पिछले वर्ष का आय-व्यय ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सब्जी बाजार प्रांगण में इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र के अवसर पर भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पूजा के दौरान प्रतिदिन शाम में आरती, सप्तमी से नवमी तक डांडिया तथा नवमी तिथि को महाभंडारा आयोजित होगा। भव्य पंडाल सजावट की भी तैयारी की जाएगी। पूजा की सफलता के लिए पूर्व की कमेटी को यथावत रखने पर सहमति बनी।
इस प्रकार सातवीं बार रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू को अध्यक्ष चुना गया। कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर, सचिव सचिन ऋतुराज जायसवाल, उपाध्यक्ष नित्यानंद कुमार व अजीत केशरी तथा कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता को बनाया गया। सदस्य एवं संरक्षक पदों पर भी कई नाम सर्वसम्मति से घोषित किए गए।











