Location: पलामू
पलामू जिले में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने नावाबाजार थाना क्षेत्र के डरौना गांव के पास एक गड्ढे से 25 वर्षीया महिला का शव बरामद किया है।
बरामद शव की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के औखला गांव की प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। प्रियंका की शादी वर्ष 2019 में भूखला मेहता से हुई थी। वह कुछ दिनों से अपने ससुराल से लापता थी, जिसकी सूचना उसके मायके पक्ष ने पुलिस को दी थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति का तुकबेरा गांव की एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग था। इसी कारण उसने साजिश के तहत अपनी पत्नी की हत्या कर शव को गड्ढे में दबा दिया।
विश्रामपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार टूट्टी ने बताया कि शव छिपाने के लिए गड्ढा खुदवाने में आरोपी की प्रेमिका की भूमिका रही है। उसी ने जेसीबी मशीन किराये पर लेकर गड्ढा खुदवाया था। घटना के बाद से वह फरार है।
आरोपी पति और उसकी प्रेमिका फरार हैं। पुलिस ने दोनों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। मामले की जांच जारी है।











