Location: Danda
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार (भा.पु.से.) द्वारा डंडा थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, सीसीटीएनएस प्रणाली, सिरिस्ता कार्य, थाना में आने वाले परिवादियों एवं आगंतुकों के बैठने तथा पेयजल की व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली सहित विभिन्न लंबित मामलों का मूल्यांकन किया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना की समग्र कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं पंजियों के संधारण की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान अभिलेखों एवं पंजियों में पाई गई त्रुटियों के शीघ्र सुधार करने, लंबित मामलों के समयबद्ध अनुसंधान, कार्यालय एवं थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों एवं चौकीदारों को सिटीजन सेंट्रिक पुलिसिंग को और सुदृढ़ करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा आम जनता को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए।











