Location: पलामू
मेदिनीनगर, पलामू। मेदिनीनगर शहर के प्रसिद्ध डिजनीलैंड मेले का टेंडर गुरुवार को संपन्न हो गया। इस बार मेले की सर्वाधिक बोली 88.20 लाख रुपये लगी और इसका टेंडर पवन गुप्ता के नाम हुआ।
जानकारी के अनुसार, डिजनीलैंड मेला 20 जुलाई से 25 सितंबर तक शिवाजी मैदान, कोयल नदी के किनारे आयोजित किया जाएगा। यह मेला सावन माह एवं रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू होता है और विभिन्न पर्व-त्योहारों के बीच विश्वकर्मा पूजा तक चलता है।
पलामू का यह मेला मनोरंजन, खरीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए काफी प्रसिद्ध है। मेले में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यहां झूले, मनोरंजन के विभिन्न साधन, खान-पान के स्टॉल और खरीदारी की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहती हैं।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ेगी और स्थानीय व्यापार को भी इसका लाभ मिलेगा।










