Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर प्रखंड के खरौंधी रोड स्थित शिव शरण संस्थान परिसर में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. ए.के. श्रीवास्तव के द्वारा किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और अपनी जांच करवाई। बताया जाता है कि कुल मिलाकर दो दर्जन से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें रक्तचाप, शुगर, हड्डी और जोड़ों से संबंधित समस्याओं के अलावा सामान्य रोगों की भी जांच की गई।
डॉ. श्रीवास्तव ने मरीजों को उनके रोग के अनुसार उचित परामर्श दिया और दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना था, ताकि वे समय पर जांच करवा सकें और गंभीर बीमारियों से बचाव हो सके।
संस्थान के संचालक धर्मेंद्र मेहता ने बताया कि गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण लोग छोटी-छोटी बीमारियों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो बाद में गंभीर रूप ले लेती हैं। इसको देखते हुए संस्थान द्वारा समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं। ग्रामीणों ने शिविर आयोजित करने पर डॉ. श्रीवास्तव एवं संस्थान परिवार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह की पहल से गरीब व वंचित वर्ग को काफी लाभ मिलता है।











