Location: Shree banshidhar nagar
गढ़वा: नववर्ष 2026 के आगमन पर जिला मुख्यालय गढ़वा सहित पूरे जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। जिला मुख्यालय के साथ-साथ श्री बंशीधर नगर, लंका एवं ग्रामीण इलाकों में भी लोग नववर्ष के जश्न में डूबे रहे। बुधवार की रात 12 बजते ही लोगों ने आतिशबाजी, जयकारों और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ नए वर्ष का स्वागत किया।
अहले सुबह लोग नित्य क्रिया से निवृत्त होकर स्नानादि के बाद जिले के विभिन्न देवालयों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। गढ़वा स्थित मां गढ़ देवी मंदिर, श्री बंशीधर मंदिर, राजा पहाड़ी शिव मंदिर, बजरंगबली मंदिर, मां काली मंदिर, मां दुर्गा मंदिर, ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, आशुतोष महादेव मंदिर, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। विशेषकर श्री बंशीधर मंदिर और राजा पहाड़ी शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
दर्शन-पूजन के उपरांत लोग परिवार और मित्रों के साथ जिले के विभिन्न पिकनिक स्थलों की ओर रवाना हुए। अन्न राज डैम, गुरु सिन्धु जलप्रपात, घाघरा प्राकृतिक जलस्रोत, राजा पहाड़ी शिव मंदिर प्रांगण, बभनी खांड़ डैम, कुंबा डैम, बंबा डैम, बांकी नदी तट, लौंगा नदी तट सहित अन्य स्थानों पर लोगों ने पिकनिक मनाई और लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।
नववर्ष की पूर्व संध्या पर लोगों ने अपने-अपने घरों के दरवाजों पर हैप्पी न्यू ईयर 2026 की रंगोली बनाई, सड़कों पर शुभकामनाएं लिखीं और आतिशबाजी कर नए साल का स्वागत किया। नववर्ष की शुभकामनाएं देने का सिलसिला देर रात से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलता रहा।
कुल मिलाकर, गढ़वा जिला नववर्ष 2026 के मौके पर भक्ति, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के रंग में सराबोर नजर आया।











