Location: नगर, भवनाथपुर, मझिआंव
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) : नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी दिशा में स्थित रेलवे अंडरपास के पास रविवार देर शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरडीहा थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय चंदन पाल, पिता विनोद पाल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने नगर ऊंटारी थाना को जानकारी दी। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाने ले गए। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है, जिसे जांच में लिया गया है।
युवक की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे।
श्री बंशीधर मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, भक्ति में डूबा नगर
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) : श्रीराधा कृष्ण वंशीधर जी की पावन भूमि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आगाज हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और “श्रीराधावंशीधर जी की जय” के जयघोष के बीच कार्यक्रम का उद्घाटन एडीजे प्रथम संजय कुमार सिंह और रजिस्ट्रार शैलेन्द्र कुमार नापित ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रयागराज से पधारे जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री मुक्तिनाथ स्वामी जी महाराज ने दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक अमृतमयी कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। रात्रि 8 से 11 बजे तक वृंदावन की रास मंडली ने मनोहारी रासलीला का मंचन किया।
उद्घाटन से पूर्व मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने श्रीमद्भागवत महापुराण अपने मस्तक पर लेकर अगुवाई की।
एडीजे संजय कुमार सिंह ने कहा कि श्री बंशीधर भगवान की अलौकिक प्रतिमा पूरे विश्व में अनुपम है। वहीं रजिस्ट्रार नापित ने कहा कि यहां श्री वंशीधर जी त्रिदेव के रूप में विराजमान हैं।
श्री बंशीधर नगर में जन्माष्टमी पर रासलीला महोत्सव का शुभारंभ
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रविवार की देर शाम श्री बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट की ओर से सात दिवसीय रासलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह, प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव और थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर और राधा-कृष्ण की झांकी की आरती उतारकर किया।
वृंदावन से आई व्रज कृष्ण लीला मंडली के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीला का मनोहारी मंचन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। महोत्सव में कलाकारों का तिलक और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह ने कहा कि श्री बंशीधर नगर वह पावन स्थल है जहां भगवान श्रीकृष्ण स्वयं विराजमान हैं और यहां दर्शन मात्र से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
नगर पंचायत में सफाई ठप, कचरे से बदहाल बाजार
मझिआंव (गढ़वा) : नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ठप होने से जगह-जगह कचरे के अंबार लग गए हैं। सब्जी बाजार, मेन बाजार और बलौक रोड समेत कई इलाकों में बारिश के बाद उठ रही दुर्गंध से लोग नाक पर कपड़ा रखकर गुजरने को मजबूर हैं।
रक्षाबंधन पर्व के बाद प्लास्टिक, कागज और गंदगी से बाजार पटे पड़े हैं। लोगों में नगर पंचायत के प्रति आक्रोश है और सफाई नहीं होने पर कई लोग पंचायत बनने के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं।
कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि पहले कचरे को नदी किनारे डंप किया जाता था, लेकिन लोगों के विरोध के कारण अब नई जगह खोजी जा रही है। उन्होंने कहा कि वे छुट्टी पर हैं और लौटने के बाद डंपिंग स्थल तय कर सफाई कार्य बहाल कर दिया जाएगा।











