Location: गढ़वा जिला
गढ़वा जिले के विभिन्न प्रखंडों में होली, रमजान एवं ईद पर्व को लेकर रविवार को शांति समिति एवं पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर सभी पर्वों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।
मझिआंव एवं बरडीहा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक
मझिआंव एवं बरडीहा थाना परिसर में पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक सह होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 मार्च को होलिका दहन एवं 4 मार्च को होली मनाई जाएगी। साथ ही रमजान माह को देखते हुए 21 मार्च को ईद पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने पर सहमति बनी।
दोनों थाना क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में अवैध महुआ शराब निर्माण पर रोक लगाने, होलिका दहन के दिन शरारती तत्वों पर नजर रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग उठी।
पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, इसे मिलजुलकर मनाएं और किसी भी प्रकार की असंसदीय भाषा या कानून हाथ में लेने से बचें। किसी भी सूचना के लिए 112 नंबर पर संपर्क करने की अपील की गई। थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो एवं बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने भी शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील की।
रमना थाना में शांति समिति की बैठक
रमना थाना परिसर में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख करुणा सोनी ने की। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है, जिसे शांति एवं सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।
सीओ विकास पांडेय ने भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। थाना प्रभारी आकाश कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान गश्ती दल सक्रिय रहेंगे तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
धुरकी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
धुरकी थाना परिसर में होली एवं रमजान पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विमल कुमार सिंह ने की। थाना प्रभारी जनार्दन राउत सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर बल दिया गया। बीडीओ ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। थाना प्रभारी ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित समयसीमा का पालन करने का निर्देश दिया गया।
सभी बैठकों में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।











