Location: सगमा
सगमा (गढ़वा)। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को धुरकी पुलिस ने सगमा प्रखंड स्थित प्लस टू विद्यालय बीरबल में छात्र-छात्राओं तथा खुटिया चौक पर ग्रामीणों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
कार्यक्रम के दौरान धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने पुलिस बल के साथ विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को नशा मुक्ति, दहेज प्रथा, महिला उत्पीड़न, यातायात सुरक्षा, डायन-भूत जैसी कुप्रथाओं तथा डायल-112 सेवा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लोगों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने और कानून का पालन करने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि नशा करने वाले लोग न केवल अपना बल्कि पूरे परिवार का जीवन बर्बाद कर देते हैं। इसलिए नशे से दूर रहकर ही एक स्वस्थ और सुदृढ़ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दहेज लेना और देना दोनों ही कानूनन अपराध है तथा इसके खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी गांव या क्षेत्र में नशीले पदार्थों का कारोबार हो रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। किसी भी प्रकार के झगड़े, विवाद या आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना देने से पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।
थाना प्रभारी ने बाल विवाह को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए समाज के प्रबुद्ध लोगों को आगे आकर पुलिस का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी कुरीतियों से दूर रहने और लोगों को जागरूक करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीण भी उपस्थित रहे।










