Location: Meral
मेराल (गढ़वा):
गुरुवार को उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की अव्यवस्थित स्थिति पर नाराज़गी जताई और डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को जमकर फटकार लगाई। विशेष रूप से ड्रेस कोड का पालन न करने पर उन्होंने असंतोष जाहिर किया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों के रोस्टर पंजी का अवलोकन किया और अस्पताल में मौजूद सभी कर्मचारियों से क्रमवार परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने प्रसव कक्ष, ओपीडी, स्वास्थ्य जांच कक्ष और दवा भंडार का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
उपायुक्त ने उपस्थित डॉक्टरों और नर्सों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपकरणों और जांच मशीनों की स्थिति की भी जानकारी ली और उनकी कार्यक्षमता की समीक्षा की।
मौके पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी कहां तैनात हैं और कौन अनुपस्थित है, इसकी जानकारी लेकर व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाएगा। यदि स्वास्थ्यकर्मी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अस्पताल के सूचना बोर्ड पर रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की उपस्थिति और उनके कार्यक्षेत्र की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित होनी चाहिए। साथ ही, एक शिकायत नंबर डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आम लोग डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सेवा संबंधी शिकायत दर्ज करा सकें और उन पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीसी ने कहा कि “मेराल सीएचसी हाईवे किनारे स्थित होने के कारण यह एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, इसलिए यहां की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहनी चाहिए।”
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अनिल कुमार शाह, डॉ. मृदुल, प्रधान सहायक हुमायूं कबीर, पदमा शेखर मिश्रा, संजय कुमार, प्रभा राय, निर्मला कुमारी, संगीता कुमारी, दुर्गा कुमारी, रीना बाखला, गोवर्धन शर्मा, पिंटू कुमार, मंटू कुमार सहित कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।











