Location: Garhwa
गढ़वा। सदर प्रखंड क्षेत्र के झुरा गांव निवासी स्वर्गीय नवल किशोर तिवारी के 46 वर्षीय पुत्र प्रदीप तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी रविवार शाम से लापता हैं। इस संबंध में उनकी मां ने गढ़वा थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस से अपने पुत्र की तलाश की गुहार लगाई है।
आवेदन में बताया गया है कि प्रदीप तिवारी अर्ध विक्षिप्त हैं और रविवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाने में आवेदन दिया।
परिजनों के अनुसार लापता व्यक्ति की लंबाई लगभग 6 फीट है। लापता होने के समय उन्होंने आसमानी रंग की शर्ट, कथ्थई रंग का फूल स्वेटर, लूंगी और चप्पल पहन रखी थी।
मां ने आवेदन के माध्यम से पुलिस से भावुक अपील करते हुए कहा है कि उनका बेटा ही उनके जीने का एकमात्र सहारा है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द खोजबीन कर पुत्र को सकुशल बरामद करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।












