Location: Garhwa
गढ़वा : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2023 का परिणाम घोषित होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “जेपीएससी के परिणामों ने भाजपा को आईना दिखा दिया है। इस बार चयनित उम्मीदवारों में हर वर्ग और क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र शामिल हैं, जो पारदर्शिता और योग्यता का प्रमाण है।”
दुबे ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए जेपीएससी की साख को धूमिल करने का प्रयास किया। “भाजपा झारखंड के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उसे न तो आदिवासी हितों की चिंता है और न झारखंड की अस्मिता की। उनका उद्देश्य सिर्फ झूठ फैलाकर जनता को भ्रमित करना है,” उन्होंने कहा।
धीरज दुबे ने बताया कि घोषित परिणामों में राजधानी रांची से लेकर सुदूर जिलों तक बड़ी संख्या में उम्मीदवार सफल हुए हैं। गिग वर्कर्स, आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े तबकों के होनहार छात्रों ने सफलता हासिल की है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि अब वह बताए कि इसमें धांधली कहां हुई?
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की कोशिशों से जेपीएससी जैसी संस्थाएं पारदर्शी और जवाबदेह हो गई हैं। “यह नया झारखंड है, जहां अवसर योग्यता के आधार पर मिलते हैं। घोषित परिणामों में 90% स्थानीय छात्रों को जगह मिली है,” उन्होंने दावा किया।
अंत में दुबे ने कहा कि भाजपा युवाओं का मनोबल तोड़ने की राजनीति छोड़कर विकास के मुद्दों पर बात करे। “जनता सब जानती है और समय आने पर जवाब देगी, जैसे 2024 के विधानसभा चुनाव में दिया था,।











