Location: सगमा
गढ़वा। मंगल भवन सभागार में रविवार को डिजिटल पंचायत प्रज्ञा केंद्र संचालकों की बैठक बिक्की कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान जिले के सभी प्रखंडों से सैकड़ों प्रज्ञा संचालक मौजूद रहे। बैठक में जिला स्तरीय कमिटी का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से रविकांत साह को जिला अध्यक्ष, राहुल कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, विकास सोनी को सचिव, प्रदीप पाल को कोषाध्यक्ष, असरीफ अंसारी को संरक्षक, श्रीराम ओझा और मनीष द्विवेदी को प्रवक्ता तथा गोखुल कुमार और विपुल दुबे को मीडिया प्रभारी चुना गया।
नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष रविकांत साह ने कहा कि डिजिटल पंचायत की अवधारणा ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता और सुशासन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। संगठन का उद्देश्य है कि सरकार की योजनाएं आमजन तक पहुंचें और पंचायत स्तर पर डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया जा सके।
सचिव विकास सोनी ने कहा कि संगठन समय-समय पर संचालकों को प्रशिक्षित और संगठित करने का कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल पंचायत प्रज्ञा केंद्र न केवल प्रमाण पत्र और राशन कार्ड जैसी सेवाओं की सुविधा दे रहे हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटली सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बैठक में मिथलेश कुमार, पप्पू कुमार यादव, शक्ति कुमार, जयराम चौधरी समेत सैकड़ों प्रज्ञा संचालक उपस्थित थे।











