कांडी (गढ़वा): जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जारी “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” आदेश के बावजूद कांडी प्रखंड क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहने दोपहिया चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रखंड मुख्यालय में तीन, लमारी में एक तथा दारीदह में एक पेट्रोल पंप संचालित हैं। सभी पंपों पर “बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा” का सूचना बोर्ड लगा है, लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर पेट्रोल पंप संचालक जिला परिवहन पदाधिकारी के आदेश का उल्लंघन कर रहे हैं और बिना किसी रोक-टोक के दोपहिया चालकों को पेट्रोल दे रहे हैं, चाहे वे हेलमेट पहने हों या नहीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ढिलाई के कारण ही ऐसे आदेश प्रभावी नहीं हो पा रहे हैं। यदि स्थानीय प्रशासन कड़ाई से आदेशों का पालन कराए, तो सड़क दुर्घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह आदेश अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में पेट्रोल पंप संचालकों को कड़ी चेतावनी दी जानी चाहिए कि यदि वे बिना हेलमेट पेट्रोल देते पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











