Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घाघरी के चैनपुर गांव में आरबीआई के निर्देशानुसार स्वयंसेवी संस्था अग्रगति भारत के “वित्तीय साक्षरता केंद्र सगमा” द्वारा धीरकार परिवारों के बीच वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं और सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रखंड समन्वयक जनार्दन प्रसाद यादव ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का अपना बैंक खाता होना आवश्यक है। उन्होंने भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे जनधन खाता, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा बचत खाता संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षिका ऐसून खातून ने लोगों को बैंक खातों में आधार, डीबीटी और मोबाइल नंबर जोड़ने की प्रक्रिया, डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित रखने के उपाय, केवाईसी और सी-केवाईसी की प्रक्रिया तथा साइबर अपराध से बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को महाजनों से अधिक ब्याज पर ऋण लेने से बचने की भी सलाह दी।
इस दौरान आरबीआई के संदेश “हो जाइए जानकार, बनिए समझदार” को भी विस्तार से समझाया गया और टोल फ्री नंबर की जानकारी दी गई।
शिविर में एसबीआई एफएलसी कमल किशोर कुमार, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के एसएलसी राजीव दुबे, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रविंद्र बैठा, मोहन गुप्ता सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।











