Location: Garhwa
गढ़वा: भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने कहा है कि झामुमो गढ़वा सीट पर चुनावी हार को अब तक पचा नहीं पा रहा है, इसी बौखलाहट में झामुमो के नेता गढ़वा विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी के खिलाफ अनर्गल बयानबाज़ी कर रहे हैं।
रितेश चौबे ने झामुमो नेताओं को गढ़वा विधायक पर टिप्पणी बंद करने और हेमंत सरकार की नाकामियों पर बोलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में बिजली संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जनता त्रस्त है, लेकिन झामुमो के नेता इन मुद्दों पर मौन साधे हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंइया सम्मान योजना में अनेक पात्र लोगों के नाम काट दिए गए, किसान खाद संकट से परेशान हैं, और फसलें बर्बाद हो रही हैं, लेकिन सरकार और झामुमो के नेता खामोश हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि झामुमो का काम सिर्फ जनता को भ्रमित करना और बयानबाज़ी करना रह गया है, जबकि जनता अब झामुमो की हकीकत और चाल-चरित्र को अच्छी तरह पहचान चुकी है।
रितेश चौबे ने कहा कि गढ़वा विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी लगातार जनहित में आवाज उठाते हैं, लेकिन राज्य सरकार की अव्यवस्था के कारण जनता को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने झामुमो नेताओं को सुझाव दिया कि अगर वे वाकई जनता के प्रति ईमानदार हैं, तो हेमंत सरकार को जवाबदेह बनाएं और राज्य की व्यवस्था सुधारने की मांग करें।












