Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर। अनुमंडल परिसर में शनिवार को जेनरल ऑब्जर्वर दिनेश कुमार और निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा के नेतृत्व में सभी अध्यक्ष प्रत्याशी एवं सभी वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों और नियमों की जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान बताया गया कि चुनाव प्रचार के लिए डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बिना अनुमति किसी भी प्रकार के वाहन का उपयोग नहीं किया जाएगा तथा किसी भी सभा या कार्यक्रम के आयोजन के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। इसके साथ ही चुनाव में आय-व्यय से संबंधित जानकारी भी प्रत्याशियों को दी गई।
जेनरल ऑब्जर्वर दिनेश कुमार ने बताया कि चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए प्रत्याशी बंशीधर नगर स्थित सर्किट हाउस में दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच उनसे मुलाकात कर सकते हैं।
निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा ने कहा कि बैठक में सभी प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने का निर्देश दिया गया है ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराया जा सके।
बैठक में सभी आरओ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह, एफएसटी टीम, एसएसटी टीम, वीएसटी टीम सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।











