Location: चिनियां
चिनिया

चिनिया प्रखंड में शनिवार को केंद्रीय नीति आयोग के अधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव, गढ़वा जिला उपायुक्त दिनेश कुमार यादव एवं उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने चिरका जलाशय डैम में संचालित मत्स्य पालन योजनाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला मत्स्य पालन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय अधिकारी मुख्य अतिथि एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों ने गुलदस्ता, माला एवं पारंपरिक आदिवासी गीतों के माध्यम से केंद्रीय टीम और जिला प्रशासन का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय नीति आयोग के अधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि वे दो वर्ष पूर्व भी गढ़वा आए थे और आज फिर यहां आकर क्षेत्र की प्रगति देखकर खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की सोच है कि योजनाओं का लाभ सीधे जमीन स्तर पर लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि आज यहां आधुनिक तरीके से मत्स्य पालन किया जा रहा है, जो सराहनीय है। मत्स्यजीवी सहयोग समिति के माध्यम से संचालित इस तरह की योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन रुकेगा और लोगों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं को सही अंजाम तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों प्रतिबद्ध हैं।
इसके पश्चात केंद्रीय नीति आयोग के अधिकारी, जिला उपायुक्त दिनेश कुमार यादव एवं डीडीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने लाइफ जैकेट पहनकर नाव से केज हाउस का भ्रमण किया और जलाशय में संचालित मत्स्य पालन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आजीविका सहयोग समिति के सदस्यों के साथ संवाद कर मत्स्य पालन से आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
इस मौके पर जिला मत्स्य पालन पदाधिकारी धनराज काबसे, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुबोध कुमार, अंचल पदाधिकारी उमेश्वर यादव, प्रमुख सुनैना देवी, जिला परिषद सदस्य बनारसी सिंह, कपिल प्रसाद, मोहम्मद फरीद, चिनिया पंचायत की मुखिया जहेरा बीबी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष राजेश प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
इसके बाद केंद्रीय नीति आयोग की टीम एवं जिला उपायुक्त ने गढ़वा लौटने के क्रम में चिनिया उप-स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां चिकित्सक डॉ. पल्लवी कुमारी ने स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि कर्मियों की भरपाई होने से ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इस पर डीसी एवं केंद्रीय नीति आयोग के अधिकारी ने आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
मौके पर डॉ. कृष्ण कुमार, फार्मासिस्ट वेंकटेश्वर नारायण, एमपीडब्ल्यू लाल मोहम्मद अंसारी, लैब टेक्नीशियन मीरा कुमारी सहित अन्य कर्मी भी मौजूद थे।











