गढ़वा, 23 जुलाई 2025:
गढ़वा शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने बुधवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, नदी-नालों और प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने, सौंदर्यीकरण करने और शहरी समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सरसतिया नदी, तिलैया नदी, तेतरियाटांड़ मैदान, खादी बाजार मैदान सहित अन्य स्थलों का दौरा किया। निरीक्षण में पाया गया कि सरसतिया नदी के अधिकांश हिस्से, तेतरियाटांड़ एवं खादी बाजार मैदान जैसे सार्वजनिक स्थल अतिक्रमण की चपेट में हैं, जहां लोगों ने अवैध रूप से निर्माण कर लिए हैं। उपायुक्त ने इसे खेदजनक और जनहित के विरुद्ध बताते हुए संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थल और सरकारी भूमि आमजनों के उपयोग के लिए होती हैं, जिनका अतिक्रमण गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नदी-नालों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधि दिखे तो इसकी सूचना प्रशासन को दें।
शहरी क्षेत्रों में जाम, कचरा प्रबंधन जैसी समस्याओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने दानरो नदी का निरीक्षण किया, जहां कचरा डंप किया जा रहा था। उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिया कि कचरा को वहां से हटाकर निर्धारित स्थल पर डंप किया जाए। साथ ही कचरा प्रबंधन को लेकर दीर्घकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
शहर को जाममुक्त बनाने के लिए वैकल्पिक सड़कों और बाईपास का निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, और व्यवसायिक वाहनों में लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य केवल प्रातः 7 बजे से पहले और रात्रि 9 बजे के बाद ही किया जाए। सीमावर्ती इलाकों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग चिन्हित किए गए हैं, जहां चेकनाका और साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सुशील कुमार, एसडीपीओ नीरज कुमार, अंचल अधिकारी सफी आलम समेत कई जिला और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।











