Location: सगमा
गढ़वा। सगमा प्रखंड के बीरबल गांव में शुक्रवार को प्रशासन ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए यूरिया खाद की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया। अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मीर्धा और प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल प्रभारी विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान एक दुकान से 100 बोरी यूरिया बरामद की गई।
प्रशासन ने मौके पर ही खाद जब्त कर दुकान को सील कर दिया। छापेमारी में अंबुज जायसवाल, धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत, जिप सदस्य प्रतिनिधि ताराचंद यादव समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पकड़ा गया दुकानदार पंकज कुमार गुप्ता, वींढमगंज थाना क्षेत्र के फुलवर गांव का निवासी है। वह बीरबल गांव में अपने बहनोई अजय साह के यहां रहकर अवैध कारोबार करता था। वह सरकारी यूरिया इकट्ठा कर ऊंचे दामों पर किसानों को बेचता था, जिससे इलाके में कृत्रिम संकट पैदा हो रहा था।
प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











