Location: चिनियां
चिनिया (गढ़वा): गढ़वा जिले के चिनिया थाना मुख्यालय निवासी राजेंद्र कोरवा का 22 वर्षीय पुत्र सुशील कोरवा, जो बीते 12 अक्टूबर से लापता था, उसका क्षत-विक्षत शव शुक्रवार को चिनिया थाना क्षेत्र के सेमराटाड़ टोला के पास कुसुमदामर जंगल में झाड़ियों के बीच बरामद किया गया। परिजन व ग्रामीण बीते कई दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे जब खोज के दौरान झाड़ियों से दुर्गंध आने पर परिजन उस ओर गए, तो उन्होंने झाड़ियों में शव पड़ा देखा। शव की हालत क्षत-विक्षत थी, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही चिनिया थाना प्रभारी अमित कुमार, रंका इंस्पेक्टर अभिजीत गौतम समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। रंका इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक की गुमशुदगी की सन्हा 13 अक्टूबर को दर्ज की गई थी और तभी से पुलिस तलाश में जुटी थी। शव मिलने के बाद प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
शव बरामद होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में आदिम जनजाति समुदाय के लोग घटनास्थल पर जुट गए। आदिम जनजाति के जिला अध्यक्ष न्हेश्वर कोरवा ने घटना को आदिवासी समाज के खिलाफ एक साजिश बताते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी और मामले का खुलासा नहीं किया गया, तो थाना घेराव और सड़क जाम किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निर्दोष युवक की निर्मम हत्या कर दी गई है और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। मौके पर आदिम जनजाति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र प्रहिया, जिला सचिव हरेंद्र कोरवा, प्रखंड अध्यक्ष विचार परहिया सहित कई नेता पहुंचे और आक्रोश जताया।
उधर, मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है।











