Location: Garhwa

गढ़वा। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को प्रशासनिक और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों की समीक्षा, आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई तथा विद्यालयों और हॉस्टल मेस में खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विश्व आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त को होगा समारोह, वन अधिकार पट्टा भी बांटे जाएंगे
गढ़वा। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर स्थानीय टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वन अधिकार पट्टा वितरण समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:30 बजे से शुरू होगा। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा जेएसएलपीएस की महिलाएं पारंपरिक आदिवासी नृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। समारोह में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत स्वीकृत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन पट्टों का वितरण भी किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जमीन, पेंशन और स्कूलों की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
गढ़वा। समाहरणालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। राशन, पेंशन, भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, रोजगार और बकाया मजदूरी समेत कई मामलों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जनसुनवाई में चिनिया प्रखंड के बरवाडीह के ग्रामीणों ने राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिगसीगा कला के शिक्षकों की कार्यशैली की जांच और स्थानांतरण की मांग की। मेराल के पढ़ुवा निवासी सुरेश साह ने लंबित भूमि सीमांकन कराने की मांग उठाई। बरडीहा के सेमरी निवासी हाफिज अंसारी ने भूदान भूमि पर रास्ता निर्माण की शिकायत की, जबकि कांडी प्रखंड के दो शिक्षकों ने स्वास्थ्य कारणों से निकटस्थ विद्यालय में प्रतिनियोजन की मांग की। उपायुक्त ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मिड डे मील की जांच में भोजन की मात्रा कम मिली, हॉस्टल मेस को लाइसेंस लेने का नोटिस
गढ़वा। उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, पिपरा कला तथा बिरसा कृषि विश्वविद्यालय स्थित हॉस्टल मेस का निरीक्षण किया। विद्यालय में मिड डे मील मेन्यू के अनुरूप मिला, लेकिन 36 बच्चों की उपस्थिति के मुकाबले भोजन की मात्रा कम पाए जाने पर विद्यालय प्रबंधन और संयोजिका को कड़ी फटकार लगाते हुए पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
वहीं बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के हॉस्टल मेस में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, लेकिन खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मेस प्रभारी को सात दिनों के भीतर लाइसेंस प्राप्त करने का नोटिस दिया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी संस्थानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।











