Location: Manjhiaon
मझिआंव। मझिआंव थाना क्षेत्र के मोरबे पंचायत अंतर्गत करकट्टा गांव निवासी अजय राम का पुत्र एवं इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष का छात्र सुशील कुमार (17 वर्ष) बीते एक जून से लापता है। मामले को लेकर उसके बाबा विश्वनाथ राम ने सात जून को गढ़वा थाना में सन्हा दर्ज कराया है।
दर्ज आवेदन में बताया गया है कि सुशील कुमार 31 मई को अपने गांव करकट्टा से गढ़वा शहर के सुखबाना मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या-17 में जितेंद्र मिस्त्री के मकान स्थित अपने डेरा पर गया था। वह सूरत पांडेय डिग्री कॉलेज का इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष का छात्र है। परिजनों के अनुसार एक जून से वह अपने डेरा से लापता है। इसके बाद परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने बताया कि सुशील के मोबाइल नंबर 7061918838 पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन लगातार बंद बता रहा है। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार के सदस्य चिंतित हैं।
लापता छात्र का हुलिया दुबला-पतला, सांवला रंग, सफेद शर्ट एवं नीले रंग की जींस पहने हुए बताया गया है। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सुशील कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 7261885876 एवं 6202848962 पर सूचना दें अथवा निकटतम पुलिस थाना को अवगत कराएं।
इस संबंध में गढ़वा थाना के पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस ने सुखबाना मोहल्ला स्थित उस डेरा पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है, जहां छात्र रहता था। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।