Location: Garhwa
गढ़वा: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जिले भर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल चरम पर है। सोमवार को महासप्तमी के दिन जैसे ही मां दुर्गा का पट विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच खोला गया, वैसे ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
गढ़वा शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां के दर्शन किए। पूरे वातावरण में “या देवी सर्वभूतेषु…” जैसे वैदिक मंत्रों की गूंज और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।
महासप्तमी के शुभ अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं में वैदिक विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद पट खोलकर आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां की झलक प्रस्तुत की गई। दीप, धूप, पुष्प और आकर्षक सजावटों से सजे पंडालों में माता रानी के दर्शन कर भक्तगण भाव-विभोर हो उठे।
महिलाएं कलश लेकर पूजा अनुष्ठान में शामिल हुईं, वहीं युवाओं और बच्चों ने आरती और भजन-कीर्तन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। भक्तिमय संगीत और शंखध्वनि से पूरा माहौल आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
पूजा समितियों ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई है।
गढ़वा जिला में नवरात्रि का उल्लास अपने पूरे शबाब पर है, और श्रद्धालु मां दुर्गा के चरणों में अपनी आस्था अर्पित कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना कर रहे है।












