Location: कांडी


कांडी | प्रतिनिधि
कोयल नदी में अचानक आए बाढ़ के कारण कांडी प्रखंड के खरौंधा गांव के दो युवक गुरुवार को नदी के बीच फंस गए। जानकारी के अनुसार, श्रवण मेहता के 18 वर्षीय पुत्र कुश कुमार मेहता और रामेश्वर मेहता के 22 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार मेहता सुबह अपने मवेशियों को चराने के लिए कोयल नदी के डीला क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और दोनों युवक फंस गए।
राकेश कुमार दिव्यांग हैं, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई थी। दोनों युवक नदी के बीच उगे कासी घास को पकड़कर घंटों तक खड़े रहे। सूचना मिलते ही गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अंचलाधिकारी राकेश सहाय, थाना प्रभारी अविनाश राज, मुखिया परिखा राम और उपमुखिया रवि कुमार मेहता मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया।
प्रशासन की ओर से पलामू जिले के मोहम्मदगंज से तीन स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। राकेश कुमार को गोताखोर रामचंद्र चौधरी और टाइगर चौधरी ने सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि कुश कुमार को गढ़वा से आई मोटरबोट की सहायता से बाहर निकाला गया।
एसडीएम संजय कुमार ने पूरे राहत एवं बचाव अभियान में महती भूमिका निभाई। घटना के दौरान नदी किनारे राकेश की मां कुंती कुंवर और कुश के पिता श्रवण मेहता अपने पुत्रों की सलामती के लिए विलाप करते नजर आए।











