Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि)। थाना क्षेत्र के ग्राम सुंडीपुर निवासी गौतम कुमार शर्मा ने तीन युवकों पर दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और 40 हजार रुपये नगद लूटने का आरोप लगाते हुए कांडी थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने अपने आवेदन में बताया है कि वह सुंडीपुर स्थित सरकारी शराब दुकान के बगल में किराना दुकान चलाते हैं। बीते 6 अगस्त की रात करीब 9 बजे कसनप गांव के तीन युवक—अंशु तिवारी (पिता वशिष्ठ तिवारी), गोपाल तिवारी (पिता राम भिन्न तिवारी) और प्रियांशु तिवारी (पिता निरंतर तिवारी)—उनकी दुकान पर पहुंचे और पानी की बोतल, सिगरेट, गुटखा खरीदे। जब उनसे सामान का पैसा मांगा गया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे जब वह दुकान बंद कर रहे थे, तभी उक्त तीनों युवक फिर से पहुंचे और दुकान का ताला तोड़ दिया। दुकान के अंदर घुसकर फ्रिज, पंखा समेत अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और 40 हजार रुपये नकद लूट कर फरार हो गए।
थाना प्रभारी विद्यासागर प्रसाद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर केस संख्या 75/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के लिए एसआई रौशन कुमार राम को जांच पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मुखिया प्रतिनिधि सह करनी सेना के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रखंड में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन को चाहिए कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना दोहराने की हिम्मत न करे।











