Location: कांडी
कांडी : प्रखंड क्षेत्र में लगातार गहराती जा रही बिजली समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, गढ़वा को पत्र सौंपकर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उन्होंने कांडी विद्युत ग्रिड में 10 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर शीघ्र स्थापित करने, गांवों में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए गांव-गांव बिजली मित्र की बहाली की मांग की है।
जिला परिषद सदस्य ने कहा कि कांडी क्षेत्र में लगातार बिजली की मांग बढ़ रही है, लेकिन उपलब्ध विद्युत व्यवस्था बढ़ते भार के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। ऐसे में कांडी ग्रिड में 10 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाना जरूरी हो गया है। इससे ग्रिड पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार को कम करने के साथ बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पत्र में मांग की गई है कि जिन गांवों में वर्तमान में 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगे हैं, वहां विद्युत भार एवं आवश्यकता के अनुसार 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। वहीं 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मर वाले गांवों में आवश्यकता के अनुसार 100 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं। इससे ओवरलोडिंग, बार-बार ट्रांसफॉर्मर जलने, लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या कम हो सकेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली खराबी एवं तकनीकी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए गांव-गांव बिजली मित्र की बहाली की भी मांग की गई है।
इधर, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन मांगों की जानकारी आम लोगों को दी। उन्होंने विद्युत विभाग से कांडी ग्रिड में 10 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने समेत सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।
दिनेश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कांडी ग्रिड में 10 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने, नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और गांव-गांव बिजली मित्र की बहाली की दिशा में आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई, तो जिला परिषद के नेतृत्व में ग्रामीणों को साथ लेकर कांडी विद्युत ग्रिड में तालाबंदी करते हुए विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।











