Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि। परमेश्वरी मेडिकल गढ़वा के तत्वावधान में आगामी 21 दिसंबर को राजकीय कृत जमा दो उच्च विद्यालय कांडी परिसर में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर सहित विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा दी जाएगी।
कैंप में जेनरल फिजिशियन डॉक्टर ज्वाला प्रसाद सिंह, लेप्रोस्कॉपी एवं जनरल सर्जन डॉक्टर निशांत कुमार सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नीतू सिंह, जेनरल फिजिशियन डॉक्टर मनीष कुमार सिंह तथा दंत चिकित्सक डॉक्टर उत्कर्ष सिंह द्वारा मरीजों की जांच कर परामर्श दिया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने कहा कि यह कांडी प्रखंड के लिए बेहद खुशी की बात है कि इस तरह का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने जांच टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांडी जैसे ग्रामीण इलाके में आकर डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क सेवा देना सराहनीय पहल है। जिला परिषद प्रतिनिधि ने आम जनता से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में पहुंचकर अपना जांच अवश्य कराएं और इसका लाभ उठाएं।











