Location: कांडी
कांडी। कांग्रेस नेता प्रभात दुबे उर्फ बडू दुबे ने कांडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
भ्रमण के दौरान प्रभात दुबे ने कांडी, लमारी, सोनपुरा, नारायणपुर सहित कई गांवों का दौरा किया। घटहूँवा कला गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने घटहूँवा कला नदी पर पुल निर्माण और गांव में सड़क निर्माण की मांग उनके समक्ष रखी। ग्रामीणों ने कहा कि पुल एवं सड़क के अभाव में आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद प्रभात दुबे ने कहा कि क्षेत्र के विकास को गति देना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय ददई दुबे ने क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए थे, लेकिन उनके कई सपने अभी अधूरे हैं। उन अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना उनका धर्म है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों एवं विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रभात दुबे ने बाढ़ प्रभावित हेठार क्षेत्र के कई गांवों का भी भ्रमण किया और धान की फसल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर उच्च अधिकारियों एवं कृषि मंत्री से बात कर उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए किसी पद या दिखावे की आवश्यकता नहीं है। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है।
मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जवाहर राम, परशु राम, रामनाथ चंद्रवंशी, धर्मेंद्र गुप्ता, शंभू पांडेय, इस्लाम अंसारी, नूरुल अंसारी, राजेंद्र तिवारी सहित कई लोग मौजूद थे।











