Location: पलामू
मेदिनीनगर।नावाबाजार पलामू पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। नावाबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर से 1068 पेटी में 34680 बोतल अवैध शराब जब्त की है। यह शराब छत्तीसगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी। नवाबाजार के थाना प्रभारी संजय कुमार यादव के मुताबिक पकड़े गए शराब की कीमत एक करोड़ रुपए है।नावाबाजार थाना की पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-98 स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक कंटेनर को रोका गया। चालक और खलासी ने बताया कि वे प्लाईवुड लेकर बिहार जा रहे हैं।उनकी संदिग्ध गतिविधियों के कारण कंटेनर की तलाशी ली गई। तलाशी में बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं। चालक और खलासी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। इनमें राम दिया (32) निवासी भिवानी, हरियाणा और विजय (34) निवासी जिंद, हरियाणा शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे चंदन सिंह के निर्देश पर छत्तीसगढ़ से शराब लेकर बिहार जा रहे थे।जब्त शराब में इंपीरियल ब्लू के 180 मिली की 195 पेटी और 375 मिली की 148 पेटी शामिल हैं। इसके अलावा मैकडॉवेल के 180 मिली की 251 पेटी, 375 मिली की 336 पेटी और 750 मिली की 138 पेटी भी जब्त की गई हैं।नावाबाजार थाने में झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अवैध शराब और कंटेनर को जब्त किया गया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।











