Location: Garhwa

गढ़वा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत ओबरा गांव की सड़क समस्या एक बार फिर चर्चा में है। यह गांव अलमुद्दीन अंसारी (हाजी) की मिल से डैशिंग होते हुए बस्ती तक जाने वाले मार्ग से जुड़ा है, जो पूरी तरह जर्जर अवस्था में है।
ग्रामीण उदेश्वर विश्वकर्मा ने इस संबंध में उपायुक्त को आवेदन सौंपते हुए उक्त सड़क के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण दैनिक आवागमन, स्कूली बच्चों, वृद्धों और बीमार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि सदर प्रखंड का ओबरा गांव गढ़वा जिले का एक महत्वपूर्ण गांव है, जो आदिवासी, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र है। आजादी के सात दशक बाद भी इस गांव में मुख्य सड़क का निर्माण नहीं होना प्रशासन की कार्यसंस्कृति पर सवाल खड़ा करता है। विशेष बात यह है कि यह गांव जिला मुख्यालय से महज आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, ऐसे में सुदूरवर्ती गांवों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र निरीक्षण कर मार्ग के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।











