Location: Garhwa
गढ़वा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर बुधवार को सूरत पांडेय डिग्री कॉलेज, गढ़वा में शोक सभा का आयोजन किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हिमांशु भूषण जारुहार की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. जारुहार ने कहा कि शिबू सोरेन का निधन एक युग, एक विचार, एक आंदोलन और संघर्षशील पीढ़ी का अंत है। वे झारखंड की माटी से उपजा वह बीज थे, जिन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। वे आदिवासी अस्मिता के प्रतीक, पीड़ितों की मुखर आवाज और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले सच्चे सेनानी थे। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका विचार, दर्शन और संघर्ष सदैव जनमानस में जीवित रहेगा।
शोक सभा में प्रो. विवेकानंद उपाध्याय, प्रो. अखिलेश पाठक, प्रो. बिरेन्द्र पांडेय, प्रो. अर्जुन प्रसाद, प्रो. परवेज आलम, प्रो. कमलेश सिन्हा, डॉ. उमेश सहाय, डॉ. सत्यदेव पांडेय, प्रो. संजय केशरी, प्रो. अखिलेश शुक्ला, प्रो. राजीव रंजन मिश्रा, प्रो. अजय कुमार सिंह, डॉ. संजीव मिश्रा, प्रो. नीलम गुप्ता, प्रो. किरण कुमारी सहित अनेक शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।











