Location: कांडी
कांडी। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सोमवार को कांडी थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में विधि-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों की प्रगति, मालखाना की व्यवस्था तथा आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में एसपी अमन कुमार ने थाना में दर्ज सभी पुराने और नए मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि किन मामलों में अनुसंधान पूरा हो चुका है और किन मामलों में देरी हो रही है। लंबित फाइलों के कारणों की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने मालखाना के रख-रखाव की स्थिति का भी जायजा लिया और कहा कि सभी जब्त सामग्रियों का उचित संरक्षण और अभिलेखन किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए ताकि जनता का विश्वास पुलिस पर और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी पुराने अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम, एसआई रविशंकर मिश्रा, आशीर्वाद महतो, विनय माझी, मनोज राम, अरविंद सिंह, अरुण पासवान, रौशन राम, जुली टुड्डू सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।











