Location: Garhwa
गढ़वा:
एस.एस.जे.एस. नामधारी महाविद्यालय, गढ़वा में 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षक और कर्मचारियों के सम्मान में एक भावनात्मक और सौहार्दपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. नीता कुमारी सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों से भरे जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने सभी शिक्षक और कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. जगदीश्वर पांडेय, डॉ. बी.पी. पांडेय, डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. सरफुद्दीन शेख, पूर्व प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक, डॉ. अनिल वर्मा और अशर्फी राम ने अपने विचार व्यक्त किए। विशेष रूप से संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार पाठक के योगदान को यादगार और प्रेरणास्रोत बताया गया।
कार्यक्रम में वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अश्विनी कुमार वैद्य, संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार पाठक, श्री कृष्णा प्रसाद, काउंटर क्लर्क श्री विजय शंकर चौबे और श्री राम अवधेश प्रसाद को उनके दीर्घकालीन और निष्ठापूर्ण सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जिसे सोनम कुमारी, अरुणा टोप्पो, कंचन कुमारी और गुंजा रंजन कुमारी ने प्रस्तुत किया। इसके बाद समूह नृत्य, एकल नृत्य और देशभक्ति गीत की प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया। अंतिम प्रस्तुति “सुंदर झारखंड” गीत पर दी गई।
समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जगदीश्वर पांडेय ने किया। उन्होंने महाविद्यालय की प्राचार्या, सभी अतिथियों, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विदाई प्राप्त करने वाले सभी कर्मियों के उज्ज्वल और सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. रविकांत प्रसाद, डॉ. ज्योति कुमारी, प्रो. शैलेश, प्रो. विमल कच्छप, प्रो. पुष्पा कुमारी, प्रो. संध्या शालिनी, प्रो. भास्कर कुमार, डॉ. किरण कुमारी, सरिता तिवारी, मो. हनान अंसारी, राजेंद्र तिवारी, विनोद सोनी, राजीव रंजन, शशांक चौबे, सूरज कुमार तिवारी, आदित्य कुमार, सत्यम कुमार और सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।











