Location: Manjhiaon
मझिआंव
शहर क्षेत्र के बीचोंबीच स्थित उत्क्रमित हाई स्कूल में चोरी की घटना सामने आई है। इस संबंध में सहायक शिक्षक मुदस्सर खान द्वारा रविवार को थाना में लिखित आवेदन दिया गया है।
दिए गए आवेदन में बताया गया है कि शनिवार को किसी कार्य से स्कूल का ताला खोला गया था, उस समय सभी ताले सही स्थिति में थे। रविवार को जब सहायक शिक्षक एक छात्र के साथ स्कूल पहुंचे, तो आईसीटी लैब का दोनों ताला टूटा हुआ और गायब पाया गया। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया गया है। लैब से एक प्रिंटर, एक यूपीएस तथा एक बैटरी चोरी हो गई है।
सहायक शिक्षक ने उक्त चोरी की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह दूसरी बार चोरी की घटना है। इससे पूर्व 4 अक्टूबर 2025 को भी स्कूल में चोरी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है। उस मामले की प्रति भी वर्तमान आवेदन के साथ संलग्न की गई है।
शहर के बीचोंबीच स्थित स्कूल में दो बार चोरी की घटना होने और अब तक किसी भी मामले का उद्भेदन नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी ओमप्रकाश रूपों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।











