Location: पलामू
मेदिनीनगर/पलामू। पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने तथा मारपीट कर मोबाइल और लैपटॉप छीन लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने शुक्रवार को मोहम्मदगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए सुरक्षा और न्याय की मांग की। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई की रहने वाली है और एक निजी ई-कॉमर्स कंपनी में कार्यरत है। उसने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि करीब दो वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कररिया गांव निवासी एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने अपना नाम “राजा” बताते हुए स्वयं को राजपूत समुदाय का बताया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध स्थापित किए।
युवती का आरोप है कि विश्वास में लेकर युवक ने उसके निजी फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में उसे पता चला कि युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई थी। इसके बाद जब उसने संबंध समाप्त करने की बात कही तो आरोपी कथित रूप से निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा और मानसिक दबाव बनाता रहा।
पीड़िता के अनुसार, घटना की जानकारी परिवार को मिलने के बाद उसे सामाजिक और पारिवारिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा। गुरुवार की शाम वह अपने निजी फोटो-वीडियो वापस लेने के उद्देश्य से आरोपी के गांव कररिया पहुंची। आरोप है कि वहां आरोपी और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की, पूरी रात घर के बाहर बैठाए रखा तथा उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप छीन लिया।
युवती ने बताया कि शुक्रवार सुबह किसी तरह वहां से निकलकर वह करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर मोहम्मदगंज थाना पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। उसने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ अपना मोबाइल, लैपटॉप एवं अन्य सामान वापस दिलाने की मांग की है।
इधर, मोहम्मदगंज थाना पुलिस ने बताया कि युवती की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।