Location: Bhavnathpur
छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग, विजेता प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग ने किया सम्मानित
भवनाथपुर : आर.के. प्लस टू उच्च विद्यालय भवनाथपुर में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी संक्रामक बीमारियों पर आधारित जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को इन बीमारियों के लक्षण, बचाव और रोकथाम के प्रति जागरूक बनाना था। छात्रों ने अपनी जानकारी और रचनात्मकता के माध्यम से विचार प्रस्तुत किए और स्वास्थ्य विषयों को रेखांकित किया।
प्रतियोगिता में सुप्रिया कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्यन कुमार शर्मा द्वितीय और आंचल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीनों विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एमटीएस विद्यानंद प्रजापति ने कहा कि इन बीमारियों से बचाव ही सबसे अच्छा उपाय है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि स्वच्छता और सतर्कता को अपनाकर ही हम इन रोगों से सुरक्षित रह सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिलीप उपाध्याय, एमपीडब्ल्यू गुप्तेश्वर प्रसाद, उपेंद्र साह, रानी कुमारी, सुनील कुमार, राकेश वर्मा सहित अनेक शिक्षक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।











