Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि)। प्रखंड क्षेत्र के ऊंचरी स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल में शनिवार को अंतरवर्गीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए अलग-अलग मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य के.आर. झा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं तथा उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में भी सकारात्मक योगदान देते हैं।
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में कक्षा 9 की टीम ने कक्षा 8 को 2-0 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से आदर्श सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाई। वहीं बालिका वर्ग में कक्षा 8 की टीम ने कक्षा 9 को 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल अनु गुप्ता ने किया।
विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पांडेय ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक जय गोविंद ठाकुर सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











