Location: Garhwa
गढ़वा। गढ़वा विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी शनिवार को मारपीट में घायल चेतना गांव निवासी रूपम चंद्रवंशी एवं अन्य लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिले। उन्होंने मारपीट की घटना में शामिल आरोपितों के विरुद्ध शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
एसपी से मुलाकात के बाद विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर अपने समर्थकों के माध्यम से चंद्रवंशी समाज के लोगों की जमीन पर कब्जा कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि गढ़वा में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।
मारपीट में घायल रूपम चंद्रवंशी ने विधायक को बताया कि चेतना पहाड़ के समीप उनके परिवार का वर्षों पुराना दखल-कब्जा वाली जमीन है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उस जमीन पर कब्जा करने तथा मिट्टी-मोरम का खनन करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। रूपम ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों ने राजनीतिक संरक्षण मिलने की बात कही।
विधायक ने कहा कि उन्होंने इस मामले में एसपी से दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रवंशी समाज की जमीन से कथित अवैध खनन का मुद्दा पूर्व में दिशा समिति की बैठक में भी उठाया गया था, जिस पर जिला प्रशासन ने जांच समिति गठित करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि सोमवार को उपायुक्त से मिलकर इस मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी लेंगे।
विधायक ने राज्य की कानून-व्यवस्था और महागठबंधन सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए राजनीतिक टिप्पणी की।
इस दौरान भाजपा नेता विवेकानंद तिवारी, मुरारी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।











