Location: Meral
मेराल। “आपन सरस्वतीया” नदी सफाई अभियान से प्रेरित होकर अकलवानी गांव में बुधवार को दो समाजसेवियों ने नदी सफाई का कार्य प्रारंभ कराया। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय, अंचलाधिकारी यशवंत नायक, प्रमुख दीपमाला कुमारी तथा मेराल सफाई अभियान टीम की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत की गई।
अकलवानी गांव के सूर्य मंदिर छठ घाट एवं कुंभी घाट के समीप संवेदक अनूप तिवारी उर्फ छोटू और अजय विश्वकर्मा के सहयोग से नदी की सफाई का कार्य शुरू किया गया। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार पांडेय ने कहा कि यह अभियान आम लोगों के सहयोग और प्रशासनिक नेतृत्व के कारण सफल हो रहा है तथा इसकी चर्चा पूरे जिले में हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके स्थानांतरण के बाद भी यह अभियान लगातार जारी रहना चाहिए।
प्रमुख दीपमाला कुमारी ने कहा कि जिस गांव से नदी बहती है, उस गांव की आत्मा उसी नदी में बसती है। इसलिए नदी को स्वच्छ और संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं अंचलाधिकारी यशवंत नायक ने कहा कि अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही सरस्वतीया नदी की सफाई का कार्य सभी के सहयोग से लगातार जारी रहेगा। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समाजसेवी अनूप तिवारी और अजय विश्वकर्मा ने कहा कि एसडीएम संजय कुमार पांडेय के कार्यों और उनकी पहल से प्रभावित होकर उन्होंने भी नदी सफाई अभियान से जुड़ने और इसमें सक्रिय योगदान देने का निर्णय लिया है।
मौके पर सीआई संजीव कुमार पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा, पूर्व जिला परिषद सदस्य संजय भगत, मनोज जायसवाल, रुपु महतो, आलोक तिवारी, अंकित मिश्रा, राममनी मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।











