Location: Garhwa
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को लेकर शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इस अवसर पर 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक जिले में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी चौक-चौराहों एवं जिला कार्यालय में साफ-सफाई एवं दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में भाजपा गढ़वा द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी चौक, मझिआंव मोड़ पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम किया जाएगा।
25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन जिला कार्यालय एवं अटल चौक मझिआंव मोड़ पर भव्य जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
रितेश चौबे ने बताया कि 25 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच अटल स्मृति सम्मेलन का विधानसभा स्तरीय आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान नेता ही नहीं थे, बल्कि वे कवि, लेखक और विचारक भी थे। उन्होंने देश के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर जनभावनाओं के अनुरूप कार्य किया।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के लंबे संघर्ष और नेतृत्व के कारण ही भाजपा आज एक वटवृक्ष के रूप में खड़ी है। वे एक ऐसे सर्वमान्य नेता थे, जिनका सम्मान विपक्ष भी करता था।












