Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर में साइबर फ्रॉड के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने State Bank of India में पहुंचकर ग्राहकों को साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक किया था, लेकिन अपराधियों ने एक परिवार को लाखों की चपत लगा दी।
थाना क्षेत्र के कुष्डंद गांव निवासी जितेंद्र कुमार पाल ने नगर उंटारी थाना और साइबर थाना में आवेदन देकर बताया कि उनके और उनकी पत्नी दुर्गावती कुमारी के अलग-अलग बैंक खातों से कुल 5,79,725 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
कैसे हुआ खेल?
पीड़ित के अनुसार 9 फरवरी की शाम 5 से 6 बजे के बीच अचानक उनके मोबाइल का नेटवर्क चला गया। 17 फरवरी को एक रिश्तेदार ने उनके SBI खाता संख्या 33810537788 में 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए और दूसरे मोबाइल से सूचना दी। नेटवर्क नहीं रहने के कारण वे बैलेंस चेक नहीं कर सके।
18 फरवरी को जब एटीएम से खाता जांचा गया तो पाया कि रिश्तेदार द्वारा भेजे गए 50 हजार रुपये ही शेष हैं, जबकि पहले से जमा पूरी राशि निकाल ली गई थी।
किन खातों से निकले पैसे?
बैंक जांच में सामने आया कि—
State Bank of India (खाता 33810537788) से ₹98,800
IDBI Bank (खाता 0432102000006231) से ₹1,74,965
पत्नी के State Bank of India (खाता 38322696782) से ₹1,82,943
Bank of India (खाता 496510510000513) से ₹1,24,372
कुल मिलाकर लगभग 47 बार ट्रांजेक्शन कर राशि उड़ाई गई।
पीड़ित का आरोप है कि साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल को अपने नियंत्रण में लेकर ओटीपी व बैंकिंग एक्सेस हासिल किया। सभी खाते एक ही मोबाइल नंबर 8809206268 से लिंक थे।
कार्रवाई की मांग
जितेंद्र कुमार पाल ने आवेदन के माध्यम से दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने और निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।
साइबर अपराधियों की बढ़ती सक्रियता ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है। जरा सी लापरवाही आपकी सालों की कमाई पर भारी पड़ सकती है।











