Location: Shree banshidhar nagar
गुवाहाटी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन, सात देशों के युवाओं ने लिया भाग
गुवाहाटी (असम): भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित BIMSTEC यूथ लीडर समिट 2025 का भव्य शुभारंभ असम की राजधानी गुवाहाटी में हुआ। इस अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड जैसे BIMSTEC सदस्य देशों के युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस गौरवपूर्ण मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए इन्दीवर को युवा प्रतिनिधि (Youth Delegate) के रूप में चयनित किया गया है। इन्दीवर इस सम्मेलन में भारतीय युवाओं की आकांक्षाओं, नेतृत्व दृष्टिकोण और समकालीन विचारों को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने प्रस्तुत करेंगे।
इन्दीवर ने प्रतिनिधित्व करते हुए कहा,
“यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है कि मैं भारत की युवा शक्ति की आवाज़ इस मंच पर रख रहा हूँ। मेरा प्रयास रहेगा कि भारत के दृष्टिकोण को BIMSTEC देशों के साथ साझा कर एक मजबूत क्षेत्रीय साझेदारी बनाई जा सके।”
इस समिट का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग को सुदृढ़ करना, सतत विकास, नवाचार, नेतृत्व क्षमता का विकास, और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है। सम्मेलन के माध्यम से सदस्य देशों के युवाओं को एक साझा मंच मिला है जहाँ वे अपने विचार और पहल साझा कर सकते हैं।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के नेतृत्व और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने इस आयोजन को युवाओं के लिए “भविष्य निर्माण का मार्ग” बताते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच युवा प्रतिनिधियों को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, नेतृत्व कौशल और सहयोग की नई संभावनाओं से जोड़ते हैं











