Location: सगमा
सगमा (गढ़वा): प्रखंड क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी 82 वर्षीय वृद्धा एतवरिया कुंवर का सोमवार की देर शाम निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, सुबह से ही उनकी तबीयत कुछ खराब थी। परिवार के सदस्यों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई थी। दिनभर वे सामान्य रहीं, लेकिन शाम होते-होते अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने अंतिम सांस ली।
प्रज्ञा केंद्र संचालक अशोक कुशवाहा, जो मृतका के पोते हैं, ने बताया कि “दादी को सुबह हल्का बुखार और कमजोरी महसूस हो रही थी। इलाज के बाद वे दिनभर ठीक रहीं, लेकिन शाम को अचानक उनका निधन हो गया।”
उनके निधन की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उनके घर पहुंचे। लोगों ने कहा कि एतवरिया कुंवर का निधन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव की अपूरणीय क्षति है।
मंगलवार सुबह 10 बजे उनका अंतिम संस्कार पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया गया।











