Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): प्रखंड के पतरिया पंचायत स्थित सड़की गांव में एक जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर द्वारा राशन वितरण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। डीलर राम प्रवेश बैठा ने 38 दिन पहले राशन उठाव के बावजूद तीन महीने — जून, जुलाई और अगस्त — का राशन 7 जुलाई, सोमवार को लाभुकों के बीच बांटना शुरू किया।
गोदाम प्रभारी राजू सिंह के अनुसार, डीलर को 29 मई को जून, 8 जून को जुलाई और 4 जुलाई को अगस्त महीने का राशन उपलब्ध करा दिया गया था। विभागीय आदेश के मुताबिक 30 जून तक वितरण कार्य पूरा किया जाना था, लेकिन डीलर ने बारिश का हवाला देकर वितरण में देरी की। हैरानी की बात यह रही कि लाभुकों से जून और जुलाई माह का अंगूठा पहले ही लगवा लिया गया था, जबकि उन्हें राशन नहीं दिया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर बीडीओ राकेश सहाय ने सोमवार को डीलर की दुकान पर जांच की। जांच में यह पाया गया कि लाभुकों को 35 किलो में से 4 किलो कम राशन दिया जा रहा था। साथ ही गेंहू में कंकड़, पत्थर और मिट्टी की मिलावट भी पाई गई।
बीडीओ ने लाभुकों से खराब गेंहू लौटाने को कहा और डीलर को निर्देश दिया कि वह उसे गोदाम में वापस करें और वहां से ताजा अनाज लाकर वितरित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लाभुकों को बिना किसी कटौती के पूरा राशन दिया जाए और 20 जुलाई तक तीनों महीनों का राशन तथा मई माह का चना- दाल भी उपलब्ध कराया जाए।
मौके पर मौजूद लाभुकों को संबोधित करते हुए बीडीओ ने कहा, “कोई भी लाभुक अपना राशन अधूरा न लें। यदि कोई कटौती की जाती है या अनाज में मिलावट पाई जाती है, तो सीधे मुझे इसकी जानकारी दें।”
पत्रकार द्वारा पूछे जाने पर बीडीओ राकेश सहाय ने कहा कि इस गंभीर अनियमितता को लेकर संबंधित डीलर पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एजीएम शाहिद अंसारी, गोदाम प्रभारी राजू सिंह और बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।











