Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि):
बरडीहा पुलिस ने रविवार को अवैध महुआ शराब भट्ठियों के खिलाफ छापामारी कर बड़ी मात्रा में जावा महुआ नष्ट किया। थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई थाना क्षेत्र के नावाडीह के जंगल और अन्य स्थानों पर की गई।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक हजार किलोग्राम जावा महुआ को बड़े- बड़े ड्रम और खुदाए गए गड्ढों में रखा गया था। कुछ महुआ भट्ठियों पर तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने सभी महुआ को नष्ट करते हुए बगल स्थित तालाब में फेंक दिया और भट्ठियों को तोड़फोड़ कर ध्वस्त कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान भट्ठी संचालक मौके से फरार हो गए। वहीं, शुक्रवार को सुख नदी गांव में छापामारी कर गोपाल यादव और संदीप यादव के घर से 100 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। जप्त शराब की सूची बनाकर दोनों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में अवैध धंधा नहीं होने दिया जाएगा।
बताया गया कि उत्पाद विभाग की लापरवाही के कारण अवैध शराब की गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे युवाओं और समाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। शराब के नशे में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है, वहीं मारपीट और जघन्य अपराध भी बढ़ रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने इस पर अंकुश लगाने की जरूरत पर जोर दिया है ताकि समाज में फैल रहे नशेड़ियों और शराबियों की कुरीतियों को रोका जा सके।











